जगदलपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 7 फरवरी को जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां वे बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के इस महत्वपूर्ण प्रवास को लेकर राज्य शासन और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है और तैयारियों को तेज़ी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रोटोकॉल व्यवस्था, अतिथि सत्कार और समन्वय से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त रहने चाहिए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से जमीनी स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी भी ली।
विभागों के बीच बेहतर तालमेल के निर्देश
बैठक में रायपुर कलेक्टर को भी आवश्यक व्यवस्थाओं और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग, सामान्य प्रशासन, गृह, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी, ताकि आयोजन गरिमामय और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।