बेंगलुरु | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक प्रतिष्ठित निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के कैंपस में ही एक जूनियर छात्र ने सीनियर छात्रा के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र जीवन गौड़ा को हनुमंथनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता बीटेक के सातवें सेमेस्टर की छात्रा है, जबकि आरोपी उसी कॉलेज का जूनियर छात्र है। दोनों के बीच पिछले तीन महीनों से जान-पहचान थी।
घटना 10 अक्टूबर की है, जब लंच ब्रेक के दौरान आरोपी ने छात्रा को आर्किटेक्चर ब्लॉक के पास मिलने के लिए बुलाया। वहां आरोपी ने नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा के विरोध करने पर उसने उसे जबरदस्ती पुरुषों के वॉशरूम में घसीटकर ले गया और करीब 1:30 से 1:50 बजे के बीच रेप किया।
घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने पहले अपने दोस्तों दर्शन और तरुण को सब कुछ बताया, फिर माता-पिता को जानकारी देकर 15 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद भी आरोपी ने पीड़िता को ‘पिल’ (गर्भनिरोधक गोली) के बारे में फोन पर पूछकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे जांच थोड़ी जटिल हो गई है। हालांकि, फॉरेंसिक टीम डिजिटल और भौतिक सबूतों का बारीकी से विश्लेषण कर रही है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।