केंद्र की मंजूरी के बाद छत्तीसगढ़ कैडर में 9 IAS अफसरों की नियुक्ति

रायपुर: छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को इस सप्ताह बड़ी मजबूती मिली है। केंद्र सरकार की ओर से जारी ताजा आदेशों के बाद राज्य कैडर में कुल नौ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल किया गया है। दो दिनों के भीतर हुई इस प्रक्रिया को राज्य के लिए अहम प्रशासनिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने पहले चरण में राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को पदोन्नति के माध्यम से आईएएस में नियुक्ति की स्वीकृति दी। इसके बाद दूसरे चरण में अन्य सेवा वर्ग से दो अधिकारियों—ऋषभ कुमार पराशर और तरुण कुमार किरण—को चयन प्रक्रिया के तहत आईएएस अवार्ड किए जाने की अधिसूचना जारी की गई।

आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, यह नियुक्तियां भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 और चयन द्वारा नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों के तहत की गई हैं। चयनित अधिकारियों को 2024 की चयन सूची के अंतर्गत रिक्त पदों के विरुद्ध परिवीक्षा पर नियुक्त किया गया है।

साथ ही, सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि इन नियुक्तियों से राज्य में नीति क्रियान्वयन और विकास कार्यों की रफ्तार को और बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *