आसमान में उड़ती एयर इंडिया फ्लाइट में धुआं, पायलट ने दी ‘मेडे’ कॉल – 148 यात्रियों में मचा हड़कंप

नई दिल्ली: एयर इंडिया एक्सप्रेस की बागडोगरा (सिलीगुड़ी) से दिल्ली जा रही एक उड़ान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण बीच रास्ते में आपात स्थिति में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।

हवाई अड्डा सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान कॉकपिट के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम वाले हिस्से (एवियोनिक्स बे) से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को गंभीर मानते हुए पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने अंतरराष्ट्रीय आपात संकेत ‘मेडे’ कॉल जारी की, जिसका उपयोग किसी बड़े खतरे की स्थिति में किया जाता है। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को तुरंत सूचना दी गई और विमान को प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति दे दी गई।

सूत्रों के अनुसार, विमान शाम करीब 5 बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित रूप से लखनऊ हवाई अड्डे पर उतर गया। उस समय विमान में चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 148 लोग सवार थे।

लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और एयरलाइन के साथ-साथ संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *