रायपुर। छत्तीसगढ़ में मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है और इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरबा जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में निचले क्षेत्रों में जलभराव और छोटी नदियों में उफान की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरबा जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में निचले क्षेत्रों में जलभराव और छोटी नदियों में उफान की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां
30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं,
- आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है,
- हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
- मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को टूटा बारिश का रिकॉर्ड
राज्य में शुक्रवार को 122 से अधिक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। औसतन 53.6 मिमी बारिश हुई, जो इस सीजन में अब तक की एक दिन की सबसे अधिक वर्षा है। इससे कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी करते हुए आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदियों-नालों के पास न जाएं और मौसम विभाग की अपडेट पर नजर रखें।