अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी: आईटीबीपी का दबदबा, तीसरे दिन झटके 18 पदक; दुर्ग संभाग आयुक्त और आईजी ने किया विजेताओं का सम्मान

भिलाई (दुर्ग)। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई के खेल मैदान में आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन (25 फरवरी 2026) रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले संपन्न हुए। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों के खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल और सटीक निशानेबाजी का अद्भुत प्रदर्शन किया।

आईटीबीपी पदक तालिका में शीर्ष पर

प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल 56 पदकों का वितरण किया गया। पदक तालिका में आईटीबीपी (ITBP) ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए सर्वाधिक 18 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 08 पदकों के साथ दूसरे और सीआरपीएफ 06 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। अन्य बलों में राजस्थान और सीआईएसएफ को 5-5, जबकि असम राइफल्स, बीएसएफ और एसएसबी को 4-4 पदक मिले। असम और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने भी 1-1 पदक अपने नाम किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान करने के लिए गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजय यादव (IG), सत्यानारायण राठौर (आयुक्त, दुर्ग संभाग), अभिषेक शांडिल्य (IG, दुर्ग रेंज) और राजेश कुकरेजा (DIG/खेल अधिकारी) सहित अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पुलिस बलों के बीच ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल खेल भावना बढ़ाती हैं, बल्कि अनुशासन और मानसिक मजबूती का भी प्रतीक हैं।

कल होंगे मिक्स्ड टीम इवेंट

भारतीय तीरंदाजी संघ के तकनीकी मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता के चौथे दिन, यानी 26 फरवरी 2026 को टीम और मिक्स्ड टीम इवेंट्स के मुकाबले होंगे। इसमें विभिन्न राज्यों और अर्धसैनिक बलों की टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *