अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक छत्तीसगढ़ दौरे पर, रायपुर में नक्सल मुद्दे पर उच्चस्तरीय मंथन

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक बार फिर छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आने वाले हैं। यह यात्रा 7 फरवरी से शुरू होकर 9 फरवरी तक चलेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार वे 7 फरवरी की शाम जम्मू-कश्मीर से रवाना होकर रायपुर पहुंचेंगे।

रायपुर आगमन के बाद श्री शाह का स्वागत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी करेंगे। इसके बाद वे शहर के होटल मेफेयर में रात्रि विश्राम करेंगे।

8 फरवरी को रायपुर में नक्सलवाद पर मैराथन बैठक

दौरे के दूसरे दिन 8 फरवरी को रायपुर में नक्सलवाद से जुड़े मुद्दों पर पूरे दिन बैठकों का सिलसिला चलेगा। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारी तथा केंद्र सरकार के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठकों के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, सुरक्षा रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। शाम के समय केंद्रीय गृह मंत्री राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।

9 फरवरी को बस्तर में पंडुम महोत्सव के समापन में शिरकत

अपने दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को अमित शाह जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां वे बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में भाग लेंगे। यह आयोजन बस्तर अंचल की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत को समर्पित है।

समारोह में शामिल होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री दोपहर में जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके साथ ही उनका छत्तीसगढ़ दौरा संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *