अनुभव सचान का कमाल! UK यूनिवर्सिटी पोलो चैंपियनशिप जीतकर भारत का नाम किया रोशन

लखनऊ/वारविक। भारत के युवा खिलाड़ी अनुभव सचान ने यूनाइटेड किंगडम में इतिहास रच दिया है। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ़ वारविक की B3 टीम के साथ SUPA (UK यूनिवर्सिटी पोलो चैंपियनशिप 2025) का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। गौरव की बात यह भी है कि अनुभव इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनकी यह उपलब्धि ब्रिटेन की मशहूर पोलो टाइम्स मैगज़ीन के 2025 संस्करण में भी दर्ज की गई है।

लखनऊ रेसकोर्स से ब्रिटेन के प्रतिष्ठित पोलो मैदानों तक

कानपुर में जन्मे अनुभव सचान का घोड़ों से लगाव किसी बड़े पोलो क्लब से नहीं, बल्कि लखनऊ रेसकोर्स से शुरू हुआ, जहाँ उन्होंने पहली बार घुड़सवारी सीखी। बचपन का यही जुनून उन्हें ब्रिटेन के नामी पोलो मैदानों तक ले आया।
उन्होंने शिक्षा ग्वालियर के द सिंधिया स्कूल से हासिल की, जहाँ वे डेप्युटी हेड बॉय, डिबेटिंग सोसायटी के सचिव और फ़ुटबॉल टीम के सक्रिय सदस्य रहे। वर्तमान में वे यूनिवर्सिटी ऑफ़ वारविक में फ़िलॉसफ़ी, पॉलिटिक्स और इकोनॉमिक्स (PPE) के विद्यार्थी हैं और वारविक कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में राजनीति, नीति निर्माण और वैश्विक विषयों पर छात्र-नेतृत्व वाले संवाद को दिशा दे रहे हैं।

बिना अनुभव के किया पोलो क्लब जॉइन

पोलो की दुनिया में उनका सफ़र भी प्रेरणादायी रहा। जब उन्होंने वारविक पोलो क्लब जॉइन किया, उस समय उनके पास पोलो का कोई अनुभव नहीं था। पढ़ाई और कठिन प्रशिक्षण के बीच संतुलन साधते हुए उन्होंने खेल में तेजी से महारत हासिल की। नतीजा यह रहा कि 2025 के SUPA नेशनल्स में उनकी टीम ने डर्हम, ऑक्सफ़ोर्ड और नॉटिंघम जैसी मज़बूत टीमों को शिकस्त दी।

“पोलो सिर्फ खेल नहीं, जीवन का विद्यालय है”

अनुभव सचान का मानना है कि पोलो केवल जीत का खेल नहीं, बल्कि धैर्य, टीमवर्क और नेतृत्व का विद्यालय है। उनका कहना है –
“मेरे लिए यह हमेशा जीतने से ज़्यादा सीखने और बेहतर बनने की बात रही है। घोड़े के साथ जुड़ाव, टीम के साथ तालमेल और खेल का अनुशासन आपको धैर्य और आत्मविश्वास सिखाता है।”

भारत में घुड़सवारी और पोलो को नई दिशा देने का सपना

अनुभव का सपना है कि भारत में घुड़सवारी और पोलो को नई पहचान मिले और अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। उनकी यह ऐतिहासिक जीत निश्चित रूप से आने वाले समय में भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *