एसआईआर फॉर्म भरने फरीदनगर में जागरूकता शिविर

भिलाई।भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India – ECI) द्वारा शुरू की गई मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत, शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (Booth Level Officers) द्वारा वितरित किए गए ‘एसआईआर (SIR) फॉर्म’ को सही जानकारी के साथ भरे जाने के तरीके बताने के लिए भिलाई के फरीदनगर इलाके में एक विशेष जागरूकता और सहायता कैंप का आयोजन किया गया।

मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए स्थानीय समाजसेवियों ने यह पहल की। वैशाली नगर क्षेत्र के फरीदनगर में आयोजित इस सार्वजनिक शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया और फॉर्म भरने की सही प्रक्रिया के बारे में विधिक विशेषज्ञों तथा आयोजन समिति के सदस्यों से जानकारी हासिल की।

शिविर में मौजूद विधिक जानकारों ने नागरिकों को फॉर्म के हर कॉलम को सावधानीपूर्वक भरने का तरीका समझाया। कई नागरिकों के फॉर्म आयोजन समिति के सदस्यों ने स्वयं भरकर उनकी मदद की।

इस मौके पर आयोजक अज़हर अली एडवोकेट और रिज़वान, अख्तर , जुगनू , अज़हर अली, कासिब , मिंटू और साथियों  ने बताया कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने की स्थिति में भी नागरिक वैकल्पिक दस्तावेज (जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) पेश कर अपने एसआईआर फॉर्म जमा कर सकते हैं। यह कैंप लोगों की परेशानियों को दूर करने और यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगाया गया था कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।

चुनाव आयोग की इस पहल का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले एक सटीक और अपडेटेड मतदाता सूची तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *