भिलाई : भिलाई के गुरु घासीदास नगर में हाल ही में एक युवक पर गोली चलवाने के मुख्य आरोपी करण साव के अवैध टैंट हाउस और निर्माण पर बुधवार को निगम प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। निगम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को अपराध के खिलाफ सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
निगम की कार्रवाई
आज सुबह भारी पुलिस बल के साथ निगम की टीम संतोषीपारा पहुंची। कार्रवाई के दौरान डीएसपी क्राइम और दो थानों के प्रभारी भी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त राजीव पांडेय ने स्वयं खड़े होकर इस अवैध कब्जे को हटवाया।

आयुक्त राजीव पांडेय ने बताया कि समृद्धि बाजार के इस क्षेत्र को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे और आज यह कार्रवाई अंतिम नोटिस के बाद की गई है।
सामान हटाया गया, विरोध भी हुआ
टैंट हाउस संचालक करण साव के परिवार को कार्रवाई का पहले ही अंदाजा हो गया था, जिसके चलते उन्होंने टैंट हाउस का सारा सामान पहले ही हटा लिया था।

इधर, आरोपी करण साव के भाई सूरज साव ने निगम की कार्रवाई पर पक्षपात का आरोप लगाया है। सूरज साव का कहना है कि निगम ने जानबूझकर केवल उनके मकान और टैंट हाउस को निशाना बनाया, जबकि मोहल्ले में कई अन्य अवैध निर्माण भी हैं जिन पर बुलडोजर नहीं चला। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों ने अपराध किया है, वे जेल में हैं और उन पर कानूनी कार्रवाई हो रही है, लेकिन इस तरह पूरे परिवार की रोजी-रोटी और घर को खत्म करना उचित नहीं है।
फिलहाल, निगम की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कब्जों और आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।