(दुर्ग) | 17 मार्च। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कुम्हारी अंतर्गत खारुन ग्रीन कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय स्तर के अफीम तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अफीम और लाखों रुपये की नगदी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस को मंगलवार को पुख्ता सूचना मिली थी कि खारुन ग्रीन कॉलोनी के गेट नंबर 02 के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया।

लाखों की नगदी और नशा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी गुरमेल सिंह (70 वर्ष), निवासी हाउस नंबर 50, खारुन ग्रीन कॉलोनी के कब्जे से 403 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी के पास से 14,46,000 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं। जप्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 16.51 लाख रुपये बताई जा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से लंबे समय से इस काले कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/2026, धारा 18(ग), 27(क), 29 NDPS Act के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
इस सफलता में कुम्हारी थाना स्टाफ के उप निरीक्षक, आरक्षक किरण, आरक्षक सचिन सिंह और अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही। उच्च अधिकारियों ने इस त्वरित कार्यवाही के लिए टीम को शाबाशी दी है।