CG में बड़ा एक्शन: डीएमएफ घोटाले पर एसीबी-ईओडब्ल्यू की ताबड़तोड़ छापेमारी, ठेकेदारों में हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डीएमएफ (जिला खनिज संस्थान ट्रस्ट) घोटाले की जांच के सिलसिले में एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार सुबह एक साथ कई जिलों में बड़ी कार्रवाई की। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी और राजनांदगांव सहित प्रदेश के कई इलाकों में टीमों ने एक साथ छापेमारी की, जिससे ठेकेदारों और सप्लायरों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में अब तक 12 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी गई है। रायपुर में पांच स्थानों, राजनांदगांव में चार जगहों, दुर्ग-भिलाई में दो ठिकानों, जबकि धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में एक कारोबारी के घर पर छापा मारा गया है।

एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीमें इन ठिकानों पर दस्तावेजों, कंप्यूटरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों को शक है कि घोटाले से जुड़े लेन-देन और अनुबंधों के अहम सबूत इन स्थानों से मिल सकते हैं।

सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने प्रदेश के व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। अधिकारी अभी इस पूरे ऑपरेशन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं कर रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई डीएमएफ फंड के दुरुपयोग से जुड़े करोड़ों के घोटाले की जांच से जुड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *