छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले में तीन वाहनों को जब्त किया है। जांच में सामने आया कि कुछ डिस्टलरी संचालक नियमों को दरकिनार कर अवैध तरीके से शराब को सरकारी शराब दुकानों तक पहुंचा रहे थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, डिस्टलरी से तथाकथित ‘पार्ट-बी’ शराब को सीधे सरकारी दुकानों तक पहुंचाने के लिए छोटे वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस काम के लिए डिस्टलरी संचालकों द्वारा अपने भरोसेमंद लोगों और छोटे ट्रांसपोर्टरों की मदद ली जा रही थी। यह अवैध परिवहन काफी समय से चल रहा था, जिसे डिजिटल दस्तावेजों और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उजागर किया गया।
EOW की जांच में पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। इससे पूर्व बिलासपुर के कोटा स्थित वेलकम डिस्टलरी और मुंगेली जिले के सरगांव स्थित भाटिया वाइंस डिस्टलरी से कुल 16 वाहनों को जब्त किया गया था। हाल ही में दुर्ग स्थित एक डिस्टलरी से जुड़े तीन और वाहनों को जब्त किया गया है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध शराब ढुलाई में किया जा रहा था।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि डिस्टलरी के पास कुछ अन्य वाहन भी मौजूद थे, जिनका उपयोग इस तरह की गतिविधियों में किया गया हो सकता है। इनमें से कुछ वाहनों को स्क्रैप कर दिया गया है, जबकि कुछ अन्य का उपयोग अलग कार्यों में किया जा रहा है। इन वाहनों के स्वामित्व और इस्तेमाल को लेकर एजेंसी द्वारा अलग से जांच की जा रही है।