रायपुर के लिए बड़ी घोषणा: 2130 करोड़ के बजट में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट को मंजूरी

रायपुर: नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 2130 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट में शहर के विकास, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की गई है।

प्रस्तुत बजट के अनुसार नगर निगम की अनुमानित आय लगभग 1924 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि करीब 1.39 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा राजस्व वसूली का लक्ष्य लगभग 475 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।

शहर में विकास के लिए कई नई योजनाएं

बजट में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। पंडरी और नरैया तालाब क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाने की योजना है। वहीं शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 1.40 करोड़ रुपये की लागत से 268 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

युवाओं के लिए नालंदा परिसर की तर्ज पर आधुनिक लाइब्रेरी और यूथ हॉस्टल विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा शंकर नगर और डूमरतलाई क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट विकसित किए जाने की योजना है।

महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से महिला शांति गृह बनाने की घोषणा की गई है। वहीं नगर निगम मुख्यालय और पंडरी क्षेत्र में स्वचालित पार्किंग सिस्टम विकसित किया जाएगा।

सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहल

बजट में शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए खारुन महोत्सव आयोजित करने की योजना शामिल की गई है। इसके साथ ही हर वर्ष पर्यावरण और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े महोत्सव आयोजित किए जाएंगे।

शहर के हर वार्ड में “बर्तन बैंक” स्थापित करने की योजना भी बजट में शामिल है, ताकि सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके। इसके अलावा प्रत्येक जोन में दो-दो उद्यानों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और फुंडहर क्षेत्र में गौधाम का निर्माण किया जाएगा।

स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सक्शन मशीन खरीदी जाएगी। वहीं बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल के पास महिलाओं के लिए वेंडिंग जोन बनाने की भी योजना है।

विपक्ष ने उठाए सवाल

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बजट को लेकर महापौर पर निशाना साधा। उनका कहना है कि बजट में टैक्स में किसी प्रकार की राहत का प्रावधान नहीं किया गया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार की गई कई घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं।

नगर निगम का यह बजट अब शहर के विकास और सुविधाओं को लेकर आने वाले समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *