निवेशकों को तगड़ा झटका: चांदी क्रैश होकर 10,000 सस्ती, सोने की चमक भी फीकी

नई दिल्ली: कीमती धातुओं के बाजार में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। बजट के बाद शुरू हुई बिकवाली का असर सोमवार को भी साफ दिखा, जब मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर ट्रेडिंग शुरू होते ही सोना और चांदी दोनों तेज दबाव में आ गए। चांदी की कीमत में जहां एक झटके में 10,000 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, वहीं सोना भी 4,000 रुपये से ज्यादा टूट गया।

बीते कुछ दिनों से चांदी की कीमतों में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है। पिछले सप्ताह गुरुवार को चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार कर इतिहास रचा था, लेकिन इसके बाद से ही इसमें तेज गिरावट शुरू हो गई। बजट 2026 के दिन चांदी करीब 9 फीसदी तक टूट गई थी।

सोमवार को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जैसे ही MCX पर कमोडिटी ट्रेडिंग शुरू हुई, चांदी की कीमतों में फिर भारी गिरावट देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र में तेज उतार-चढ़ाव के बाद चांदी 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार की शुरुआत में ही इसका वायदा भाव फिसलकर 2,55,652 रुपये प्रति किलो पर आ गया।

वहीं, सोने की कीमतों में भी कमजोरी बनी रही। MCX पर 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम वायदा भाव 4,000 रुपये से अधिक टूट गया, जिससे निवेशकों को एक और झटका लगा। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक संकेतों, मुनाफावसूली और बजट के बाद की धारणा के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *