IndiGo में बड़ा बदलाव: दिसंबर फ्लाइट संकट के बाद सीईओ पीटर एल्बर्स का इस्तीफा

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इंडिगो का संचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। यह फैसला पिछले साल दिसंबर में आए बड़े फ्लाइट संकट के कुछ महीनों बाद सामने आया है।

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में बताया कि फिलहाल इंटरग्लोब एविएशन के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर एयरलाइन की जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी के अनुसार, एल्बर्स ने तत्काल प्रभाव से सीईओ पद छोड़ दिया है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उनके कार्यकाल के दौरान दिए गए योगदान के लिए आभार जताते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

कंपनी ने कहा कि जब तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक एयरलाइन का संचालन राहुल भाटिया के नेतृत्व में चलता रहेगा। बोर्ड के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा कि राहुल भाटिया का दोबारा कमान संभालना कंपनी की कार्य संस्कृति को मजबूत करने, संचालन को बेहतर बनाने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने में मददगार साबित होगा।

राहुल भाटिया ने भी कहा कि उन्होंने करीब 22 साल पहले इंडिगो की स्थापना की थी और इसे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में एयरलाइन, देश, यात्रियों, कर्मचारियों और निवेशकों के प्रति उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी बनती है कि कंपनी का संचालन सुचारु रूप से चलता रहे।

करीब तीन साल पहले सीईओ बने पीटर एल्बर्स के नेतृत्व में इंडिगो ने तेजी से विस्तार किया। उनके कार्यकाल में एयरलाइन की आय 10 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गई और कंपनी के विमानों की संख्या बढ़कर 440 से अधिक हो गई। इसी दौरान इंडिगो ने एयरबस के साथ ए320 फैमिली के 500 विमानों का बड़ा ऑर्डर भी दिया, जिसे विमानन इतिहास के सबसे बड़े सौदों में गिना जाता है।

हालांकि इन उपलब्धियों के बावजूद दिसंबर 2025 में आए बड़े परिचालन संकट ने कंपनी को झटका दिया। उस समय पायलटों की थकान को रोकने के लिए बनाए गए नए नियमों को लागू करने में एयरलाइन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

3 से 5 दिसंबर के बीच इंडिगो को 2,500 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि लगभग 1,900 उड़ानें देरी से चलीं। इस स्थिति के कारण देशभर में करीब 3 लाख से ज्यादा यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *