चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: छत्तीसगढ़ कैडर के 30 अधिकारी चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त

रायपुर: देश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। आयोग के ताज़ा निर्देशों के तहत राज्य के कुल 30 अधिकारियों को अलग-अलग राज्यों में चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है।

इनमें 25 आईएएस और 5 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने की अहम जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी चुनावी व्यवस्थाओं की जमीनी समीक्षा करेंगे और मतदान से लेकर मतगणना तक हर चरण पर निगरानी रखेंगे।

प्रशासनिक व्यवस्था पर रहेगी कड़ी नजर
आईएएस पर्यवेक्षक चुनावी तैयारियों, आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदान केंद्रों की व्यवस्था और मतगणना प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। साथ ही वे निर्वाचन आयोग को समय-समय पर रिपोर्ट सौंपेंगे, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

चुनाव पर्यवेक्षक बनाए गए आईएएस अधिकारियों में रितु सेन, सिद्धार्थ कोमल परदेसी, नीलम नामदेव एक्का, एस. प्रकाश, भुवनेश यादव, एस. भारती दासन, अंकित आनंद, मो. कैसर अब्दुल हक, समी आबिदी, हिमशिखर गुप्ता, शिखा राजपूत तिवारी, राजेश सिंह राणा, अवनीश कुमार शरण, धर्मेश कुमार साहू, पदुम सिंह एल्मा, रमेश कुमार शर्मा, सारांश मित्तर, रिमी जुएस एक्का, संजू कुमार झा, तारण प्रकाश सिन्हा, पुष्पेंद्र कुमार मीणा, रजत बंसल, जगदीश सोनकर, विनीत नंदनवार और रितुराज रघुवंशी के नाम शामिल हैं।

सुरक्षा मोर्चे की कमान आईपीएस अधिकारियों के हाथ
वहीं कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारियों को सौंपी गई है। आनंद छाबड़ा, रतन लाल डांगी, अजय कुमार यादव, अंकित कुमार गर्ग और बद्रीनारायण मीणा को चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखेंगे और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करेंगे।

निर्वाचन आयोग का यह कदम आगामी चुनावों को निष्पक्ष, भयमुक्त और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *