मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी सौगात 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ की सौगात आज, बलौदाबाजार में भव्य कार्यक्रम…

बलौदाबाजार | प्रदेश के लगभग 5 लाख भूमिहीन परिवारों के लिए आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों को 495 करोड़ 96 लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन पंडित चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में किया गया है, जहां तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही को 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में लगभग 50 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं चेक भी वितरित किए जाएंगे। इसमें महिला समूहों को आर्थिक सहायता, मछली पालन से जुड़े हितग्राहियों को उपकरण, किसानों को स्प्रेयर पंप और स्वामित्व कार्ड वितरण शामिल है।

जिले में कुल 23,568 हितग्राहियों को 23 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक की राशि मिलेगी। विशेष रूप से 22 हजार से अधिक बैगा और गुनिया परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम स्थल पर आमजन और हितग्राहियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, वहीं विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *