रिसाली। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम पड़ाव में नगर पालिक निगम रिसाली ने राजस्व वसूली अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। करदाताओं को राहत देने और लक्ष्य को पूरा करने के लिए निगम प्रशासन ने मार्च के सभी शनिवार और रविवार (अवकाश के दिनों) को भी टैक्स काउंटर खुले रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
31 मार्च तक अधिभार से बचने का मौका
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि करदाता बिना किसी अतिरिक्त जुर्माने या अधिभार के 31 मार्च 2026 तक अपना संपत्तिकर और जलकर जमा कर सकते हैं। समय सीमा समाप्त होने के बाद बकाया राशि पर भारी जुर्माना देना पड़ सकता है। पुराने बकायादारों के लिए भी यह ‘पेनल्टी’ से बचने का अंतिम अवसर है।

वार्डों में पहुंच रहे टैक्स कलेक्टर, ऑनलाइन भुगतान की भी सुविधा
निगम की आयुक्त मोनिका वर्मा ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए टैक्स कलेक्टरों की टीम वार्डों में घर-घर और दुकानों तक पहुंच रही है। नागरिक इन अधिकृत कर्मचारियों को भी विश्वास के साथ अपनी राशि जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, जो लोग घर बैठे भुगतान करना चाहते हैं, उनके लिए निगम ने ऑनलाइन लिंक की व्यवस्था भी सक्रिय कर दी है।
आयुक्त मोनिका वर्मा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा, “समय पर टैक्स जमा करना न केवल आपको आर्थिक दंड से बचाता है, बल्कि नगर निगम को शहर के विकास कार्यों के लिए जरूरी राजस्व भी प्रदान करता है। नागरिक 31 मार्च की प्रतीक्षा किए बिना जल्द से जल्द अपने देय करों का भुगतान करें।