भागलपुर; बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, भागलपुर ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में 11 नवंबर को मतदान होगा। प्रशासन का कहना है कि मतदाताओं की सुविधा और सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता पहचान पत्र (EPIC) के अभाव में भी मतदान संभव है, बशर्ते कि मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक का उपयोग करे।
ये पहचान पत्र मान्य होंगे:
आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र, श्रम मंत्रालय या आयुष्मान भारत योजना का हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार या सार्वजनिक उपक्रम द्वारा जारी सर्विस आइडेंटिटी कार्ड, सांसद या विधायक पहचान पत्र, तथा सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय द्वारा जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड (UDID)।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि मतदाता समय पर मतदान केंद्र पहुंचें, पहचान पत्र साथ रखें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि मतदान दिवस पर किसी असुविधा से बचने के लिए मतदाता पहले से अपने मतदान केंद्र और पहचान दस्तावेजों की जांच कर लें।
संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, भागलपुर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान का अधिकार सहजता से मिल सके और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण व व्यवस्थित हो।