भाजपा अध्यक्ष चुनाव: छत्तीसगढ़ CM साय समेत 17 नेता पहुंचे दिल्ली

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17 जनवरी को वरिष्ठ भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यह दौरा पार्टी संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय न केवल अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे, बल्कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भी शामिल होंगे। इन बैठकों में संगठनात्मक रणनीति, आगामी चुनावों की तैयारी और राज्यों की भूमिका को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ से जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, विजय बघेल, रूपकुमारी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र राजा प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी को मजबूती से रखेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया 19 और 20 जनवरी को पूरी की जाएगी। 19 जनवरी को नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि 20 जनवरी को मतदान के बाद नए अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान होगा। लंबे समय से लंबित इस चुनाव को लेकर पार्टी संगठन पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह संगठनात्मक चुनाव आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह दिल्ली दौरा भाजपा के भीतर समन्वय, रणनीति और नेतृत्व को लेकर विशेष महत्व रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *