ब्राज़ील । ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन आज दोपहर नई दिल्ली पहुँचे, जहां से उनकी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा का शुभारंभ हुआ। अल्कमिन ब्राज़ील के विकास, उद्योग, व्यापार और सेवा मंत्री भी हैं।
यात्रा के दौरान, उपराष्ट्रपति अल्कमिन वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ व्यापार मंत्रिस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इसके अतिरिक्त वे भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी से भी मुलाकात करेंगे।
ब्राज़ील, दक्षिण अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल की ब्राज़ील यात्रा के दौरान दोनों देशों के नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मंत्रिस्तरीय समीक्षा तंत्र स्थापित करने और अगले पाँच वर्षों में 20 अरब डॉलर के व्यापार लक्ष्य को हासिल करने पर सहमति जताई थी।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन, नए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान और व्यापार लक्ष्य को हासिल करने के लिए संपूर्ण रोडमैप तैयार करना है। अधिकारियों के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और नए निवेश अवसर तलाशने में अहम साबित होगी।