डिप्टी CM अजित पवार के काफिले की कार हादसे का शिकार, टक्कर में परिवार के चार सदस्य घायल

मुंबई : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के काफिले के साथ शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलगांव-धारुर मार्ग पर धुनकावाड़ फाटा के पास काफिले में चल रही एक एसयूवी अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से जा रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और बाइक पर सवार परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एसयूवी की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद मोटरसाइकिल कई मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में विष्णु दामोदर सुदे, उनकी पत्नी कुसुम और दो बेटियां बुरी तरह घायल हुईं। काफिले का एक सुरक्षा कर्मी भी चोटिल हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

घायलों को पहले धारुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अंबाजोगाई जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही की पुष्टि होने पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *