देहरादून/केदारनाथ। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस साल नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। विशेष रूप से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, बुधवार तक करीब 16.56 लाख श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। सिर्फ बुधवार के दिन ही 5,600 से अधिक तीर्थयात्रियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मंदिर के कपाट 23 अक्टूबर, भाई दूज के अवसर पर बंद किए जाएंगे। पिछले साल 2024 में पूरे सीजन के दौरान केदारनाथ में 16.52 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इस बार अभी से नया रिकॉर्ड बन चुका है।
चारधाम यात्रा के अन्य धामों बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। बद्रीनाथ के कपाट 25 नवंबर को दोपहर 2:56 बजे बंद होंगे।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 4 मई से 7 अक्टूबर की शाम तक लगभग 47.30 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। यह संख्या पिछले कई वर्षों के मुकाबले काफी अधिक है।
चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने से हुई थी। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ के कपाट खुले, जिसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहाड़ों की ओर उमड़ पड़ी।