रायपुर | राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से ठीक एक दिन पहले शहर बंद रहेगा। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने तेलीबांधा चौक पर लगी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना के विरोध में 31 अक्टूबर को महाबंद की घोषणा की है।
प्रतिमा खंडित होने पर भड़की जोहार पार्टी
पार्टी के नेताओं ने प्रेसवार्ता में बताया कि वीआईपी रोड स्थित तेलीबांधा चौक पर स्थापित विशालकाय छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने नुकसान पहुंचाया। उनका आरोप है कि यह घटना दिनदहाड़े हुई, लेकिन प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की। इससे जनता के बीच आक्रोश और संदेह दोनों गहराते जा रहे हैं।
“यह छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर प्रहार”
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अनुसार, यह घटना केवल एक मूर्ति तोड़ने की नहीं बल्कि प्रदेश की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व जानबूझकर प्रदेश की एकता और सम्मान को ठेस पहुंचाने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
पुलिस पर जानकारी छिपाने का आरोप
पार्टी ने पुलिस पर लापरवाही और सूचना छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही पुलिस ने जांच की स्थिति स्पष्ट की है। जबकि तेलीबांधा क्षेत्र में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हैं।
पहले भी हुई हैं ऐसी घटनाएं
पार्टी नेताओं ने याद दिलाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहले भी मूर्तियों से छेड़छाड़ की घटनाएं हुई हैं —
बसना में शहीद वीरनारायण सिंह की प्रतिमा तोड़ी गई, रायपुर के फूलचौक में डॉ. खूबचंद बघेल की मूर्ति अपमानित की गई, और हाल ही में दुर्ग तथा अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं सामने आईं।
शांतिपूर्ण बंद की अपील
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने 31 अक्टूबर को रायपुर बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने कहा कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा ताकि सरकार को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनभावनाओं का संदेश दिया जा सके।