छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, धान खरीदी नीति के खिलाफ दुर्ग में लामबंद

दुर्ग | छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार की धान खरीदी नीतियों के विरोध में दुर्ग के मानस भवन के समीप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सरकार की नीति में बदलाव से नाराज कर्मचारी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।

नीति परिवर्तन से नाराजगी

दरअसल, प्रदेश सरकार ने 17 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन मंडी से धान का उठाव अप्रैल माह में किए जाने की बात कही है। कर्मचारियों का मानना है कि इस लंबी अवधि के दौरान धान सूख जाएगा, जिससे उसके वजन में कमी आएगी। इस वजन के अंतर का सीधा खामयाजा सहकारी समितियों के कर्मचारियों को भुगतना पड़ सकता है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार नीति परिवर्तन तो करती है, मगर उससे होने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को नजरअंदाज कर देती है।

चार सूत्रीय मांगें और एकता

इन्हीं वजहों से प्रदेश भर के कर्मचारी लामबंद होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ के सदस्यों ने अपनी एकता का परिचय देते हुए चार सूत्रीय मांगों को लेकर धरना शुरू किया है। उनका कहना है कि वे तब तक अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई सार्थक पहल नहीं करती। इस हड़ताल से आने वाले दिनों में धान खरीदी प्रभावित होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *