मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य वन्य जीव बोर्ड की बैठक संपन्न

रायपुर। विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वीं बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए नवीन एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न प्रस्तावों को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड के निर्णय हेतु प्रेषित करने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वन्यजीव हमारी प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी, अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही, वनों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने न्यूनतम हस्तक्षेप के सिद्धांत को अपनाते हुए अत्यावश्यक कार्यों को ही वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में बिना छेड़छाड़ के पूर्ण करने के निर्देश दिए। सह-अस्तित्व के सिद्धांतों के अनुरूप सभी गतिविधियों के संचालन पर बल दिया गया।

स्थायी समिति गठन को मंजूरी

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति (Standing Committee of State Board for Wildlife) के गठन को मंजूरी दी गई। यह समिति वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में गठित होगी, जिसमें 11 अन्य सदस्य शामिल रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि वन्यजीवों की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यों पर राज्य वन्यजीव बोर्ड की अनिवार्य अभिमत की आवश्यकता होती है। बोर्ड की बैठकों के बीच अधिक अंतराल के कारण प्रस्तावों की स्वीकृति में विलंब होता था। स्थायी समिति के गठन से वैधानिक मंजूरियों का त्वरित निपटान एवं वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान संभव होगा।

प्रमुख प्रस्तावों पर सहमति

बैठक में निम्न प्रस्तावों का अनुमोदन कर उन्हें राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्वीकृति हेतु प्रेषित करने का निर्णय लिया गया—

  • उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत बरबांधा जलाशय में बांध एवं नहरों के जीर्णोद्धार एवं नवीन कार्य
  • पीएम जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले के कवर्धा वनमंडल में पंडरीपानी मेन रोड से सौरु तक मार्ग मजबूतीकरण
  • गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने से संबंधित 6 प्रस्ताव
  • सेमरसोत अभ्यारण्य में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का प्रस्ताव
  • उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में सीआरपीएफ कैंप की स्थापना
  • उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का प्रस्ताव

गणमान्यजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मजीत सिंह, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. निवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अरुण कुमार पाण्डेय सहित बोर्ड के अन्य सदस्य एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों से राज्य में वन्यजीव संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *