कृषि क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का परचम, फसल बीमा क्रियान्वयन में मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

छत्तीसगढ़ ने कृषि क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। केंद्र सरकार की फसल बीमा योजनाओं के प्रभावी और सफल संचालन के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के बेहतर क्रियान्वयन के चलते छत्तीसगढ़ को “बेस्ट स्टेट अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार राज्य के कृषि और उद्यानिकी विभाग को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर राज्य शासन के शीर्ष नेतृत्व ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की है। मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री ने कहा कि यह सम्मान किसानों के भरोसे और सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। योजनाओं के तहत समय पर क्षतिपूर्ति मिलने से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, मौसम की मार और फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक संबल मिला है।

यह राष्ट्रीय सम्मान 18–19 जनवरी 2026 को बेंगलुरु में आयोजित 13वीं नेशनल रिव्यू कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने फसल बीमा योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति पर विचार-विमर्श किया। छत्तीसगढ़ की ओर से उद्यानिकी विभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक नीरज शाहा ने मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरस्कार ग्रहण किया।

जानकारों का मानना है कि छत्तीसगढ़ में फसल बीमा योजनाओं को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित तरीके से लागू किया गया। किसानों का पंजीकरण, फसल क्षति का आंकलन और मुआवजा भुगतान प्रक्रिया सुचारू और समयबद्ध रही, जिससे राज्य को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान हासिल हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *