CM विष्णुदेव साय ने किया ‘मोदी के राज्य से लौटकर’ पुस्तक का विमोचन, गुजरात यात्रा की झलक पेश

रायपुर, 19 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को विधानसभा परिसर स्थित अपने कार्यालय के सभाकक्ष में युवा पत्रकार निशा द्विवेदी की पुस्तक ‘मोदी के राज्य से लौटकर’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा आधारित लेखन पाठकों को किसी स्थान की संस्कृति, परंपरा और विकास को समझने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में लेखिका ने पत्रकार की दृष्टि से गुजरात की यात्रा और वहां के विकास से जुड़े अनुभवों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता जैसे व्यस्त पेशे के बीच साहित्यिक लेखन के लिए समय निकालना चुनौतीपूर्ण होता है, ऐसे में इस तरह की रचना सराहनीय है।

साय ने बताया कि पिछले वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला पत्रकारों से मुलाकात के दौरान अध्ययन भ्रमण को लेकर चर्चा हुई थी। उसी पहल के तहत छत्तीसगढ़ की 26 महिला पत्रकारों का दल गुजरात के अध्ययन दौरे पर गया था। यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात में उन्होंने सभी पत्रकारों को अपने अनुभवों को लेखन के माध्यम से साझा करने के लिए प्रेरित किया था।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के पेशेवर विकास के लिए विभिन्न पहल कर रही है। इसी क्रम में इस वर्ष के बजट में पत्रकारों के लिए एक्सपोजर विजिट की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे देश के विभिन्न राज्यों के विकास मॉडल और सामाजिक पहल को नजदीक से देख सकें। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, इसलिए उनके कार्य को प्रोत्साहन देना आवश्यक है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुशांत शुक्ला, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, जनसंपर्क आयुक्त डॉ रवि मित्तल तथा रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *