रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर से अपने दिनभर के व्यस्त प्रवास की शुरुआत करेंगे। वे सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर 11:15 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषक नगर (जोरा) पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री “प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY)” के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे और किसानों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:45 बजे तक चलेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री 12:55 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के लिए रवाना होंगे। लगभग 1:45 बजे उनका हेलीकॉप्टर कुंजारा हेलीपैड पर उतरेगा, जहां से वे रामचंडी मंदिर, झगरपुर पहुंचकर देवी दर्शन करेंगे। मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री 2:15 बजे स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर, झगरपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे।
लैलूंगा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का काफिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के लिए रवाना होगा। दोपहर 4 बजे वे ग्राम मटियाडांड (स्कूल मैदान) पहुंचेंगे, जहां भैना समाज द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नवाखाई महोत्सव एवं सामाजिक सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
मटियाडांड में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:45 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका रायपुर आगमन शाम 5:30 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पर होगा, जिसके पश्चात वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दिनभर का दौरा कृषि उन्नति, सामाजिक एकता और जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ा हुआ है।