Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों की राहत के बाद अब प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने दोबारा दस्तक दे दी है। शुक्रवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते सुबह और शाम के समय लोगों को तेज ठिठुरन महसूस हो रही है। राजधानी रायपुर में तड़के घना कोहरा छाने लगा है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए नया अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि उत्तर छत्तीसगढ़, खासकर सरगुजा संभाग में ठंड का प्रकोप आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है। विभाग के अनुसार, रात और सुबह के समय तापमान में और गिरावट की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसका सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। सरगुजा संभाग में पहले से ही कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जो अगले कुछ दिनों में और बढ़ सकती है।
वहीं, रायपुर, बस्तर संभाग और बिलासपुर जैसे मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम स्थिर रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और मौसम लगभग मौजूदा स्थिति जैसा ही बना रहेगा।