अमृतसर। पंजाब कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए पार्टी ने डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी रहीं डॉ. नवजोत कौर के निष्कासन की जानकारी पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी है।
मंगलवार को अमृतसर में पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका के आवास पर पहुंचे भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू पहले ही पार्टी से निलंबित चल रही थीं और अब उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में पार्टी की ओर से औपचारिक पत्र अभी जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सार्वजनिक मंच से कांग्रेस से अलग होने का ऐलान किया था। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया। इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ में राज्यपाल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए भारी रकम की जरूरत होती है।
डॉ. नवजोत कौर यहीं नहीं रुकी थीं। उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा पर टिकट वितरण में लेन-देन के आरोप भी लगाए थे। इन बयानों के बाद पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई थी।
इन आरोपों और पार्टी लाइन के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी को अनुशासनहीनता मानते हुए कांग्रेस ने 8 दिसंबर को उन्हें निलंबित कर दिया था। अब उनके निष्कासन के साथ ही पंजाब कांग्रेस में यह मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।