दंपती का झगड़ा बना जानलेवा, पति ने पत्नी को मारकर किया सुसाइड

बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र में एक घर से पति-पत्नी की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार को कमरे में पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी मिली, जबकि पति पंखे से लटका हुआ था। कमरे की दीवार पर लिपस्टिक से कुछ शब्द लिखे थे, जिनमें पति-पत्नी ने राजेश विश्वास नाम का जिक्र किया और आपसी विवाद के कारण यह कदम उठाने की बात की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि चरित्र संदेह के चलते पहले पति ने पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और बाद में उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि मृतिका नेहा उर्फ शिवानी तांबे ने 10 साल पहले राज तांबे से लव मैरिज की थी। दंपती के तीन बच्चे हैं और अक्सर चरित्र संदेह के कारण विवाद होते रहते थे। दोनों लायंस कंपनी में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे।

मृतका की मां रीना चिन्ना ने दोपहर में घर का दरवाजा खोलकर यह भयावह दृश्य देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

सरकंडा पुलिस इस मामले में पूरी जांच कर रही है और मृतक दंपती के मोबाइल और आसपास के सबूतों को भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *