मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव ने की सौजन्य मुलाकात, खेल विकास पर हुई सार्थक चर्चा

नवा रायपुर नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कपिल देव का बेल मेटल से बनी प्रतिकृति एवं पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अधोसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उनका उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करें।

पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के मौजूदा माहौल में राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *