लाहौर। इस्लामाबाद। भारत से मिली हार और खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने की घटना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए दोहरी शर्मिंदगी साबित हुई। इस बेइज्जती से गुस्साए PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बड़ा कदम उठाते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट डायरेक्टर उस्मान वहला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
उस्मान वहला पिछले दो साल से इस पद पर कार्यरत थे और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के भी चेयरमैन हैं। उन पर आरोप है कि वह नो हैंडशेक विवाद को संभालने में पूरी तरह नाकाम रहे। PCB की आंतरिक जांच में पाया गया कि वहला को इस संवेदनशील मुद्दे का अंदेशा पहले ही हो जाना चाहिए था और मैच शुरू होने से पहले ही समाधान निकाल लेना चाहिए था, ताकि पाकिस्तान टीम को खेल भावना के मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी न झेलनी पड़ती।
पीसीबी ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। बोर्ड का दावा है कि पायक्रॉफ्ट ने टॉस के समय ही दोनों कप्तानों को सूचित कर दिया था कि मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया जाएगा, जो आईसीसी की आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। इस विरोध में पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था, जबकि कोच माइक हेसन ने भारतीय खिलाड़ियों के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई।
पीसीबी ने आईसीसी पर सीधा प्रहार करते हुए मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को तुरंत एशिया कप 2025 से हटाने की मांग ठोक दी है। यही नहीं, एसीसी प्रमुख की हैसियत से मोहसिन नक़वी ने वैश्विक क्रिकेट संस्था से तत्काल और सख़्त कार्रवाई की अपील भी कर डाली। नतीजा यह कि यह विवाद अब केवल एक मैच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गूंजने लगा है। माहौल इतना गरमा गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों पर एक बार फिर गहरे साए मंडराने लगे हैं, और एशिया कप की चमक इस तूफ़ान में धुंधली पड़ती दिख रही है।