उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नगर पंचायत बोड़ला को 6 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

बोड़ला। विजय शर्मा ने नगर पंचायत बोड़ला को विकास की नई दिशा देते हुए 6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात दी। स्थानीय हॉकी खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया तथा भीमराव अंबेडकर भवन पहुंचकर विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता है। खेल सुविधाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और सामुदायिक विकास को गति देने के उद्देश्य से ये कार्य किए जा रहे हैं, जो क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि बोड़ला नगर में अब बांध से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, जहां पानी फिल्टर प्लांट के माध्यम से शुद्ध होकर घर-घर तक पहुंचेगा। उन्होंने इसे नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताते हुए कहा कि ग्रेविटी आधारित यह जल व्यवस्था सुविधाजनक, टिकाऊ और प्रभावी है।

उपमुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जंगलों में हथियार लेकर घूमने वाले नक्सली अब पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के संकल्प को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अब तक ढाई हजार से अधिक नक्सली पुनर्वास योजना के तहत मुख्यधारा में लौट चुके हैं, जबकि 600 से अधिक पुनर्वासित नक्सलियों ने विधानसभा का भ्रमण कर लोकतंत्र की प्रक्रिया को समझा है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने के बाद पहली बार बाहरी व्यक्तियों की पहचान के लिए सुनियोजित प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत प्रत्येक जिले में टास्क फोर्स गठित की गई है और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।

5.12 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नगर पंचायत बोड़ला में 512.56 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें वार्ड क्रमांक 02 में 146.83 लाख रुपए की लागत से उन्नत हॉकी खेल मैदान निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा आरसीसी नाली व कांस कल्वर्ट निर्माण, शौचालय निर्माण, सामुदायिक भवन का विस्तार व नवीनीकरण, सीसी रोड निर्माण, ओवरहेड टैंक, हाई मास्ट लाइट, पेवर ब्लॉक फुटपाथ, हॉल निर्माण, बाउंड्रीवाल तथा चौक निर्माण सहित कई कार्य शामिल हैं।

90 लाख से अधिक के कार्यों का लोकार्पण

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने 90 लाख रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें 73.44 लाख रुपए से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसुविधायुक्त भवन, 10 लाख रुपए की लागत से यादव समाज के पास बना सामुदायिक भवन तथा 6.50 लाख रुपए से वार्ड क्रमांक 14 में साहू समाज के पास पानी टंकी के समीप निर्मित सामुदायिक भवन शामिल हैं।

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगर पंचायत बोड़ला में नागरिकों को बेहतर आधारभूत और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, नितेश अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, नन्द वास, मोहन धुर्वे, राम किंकर वर्मा, एम.डी. ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *