कुम्हारी खारून नदी ब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक डायवर्सन व्यवस्था लागू, विस्तृत दिशा-निर्देश जारी

दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज में प्रस्तावित मरम्मत कार्य को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 24 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में बैठक आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिचा मिश्रा, अपर कलेक्टर वीरेंद्र ठाकुर, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सभी प्रस्तावित डायवर्सन मार्गों का परीक्षण करते हुए यातायात दबाव, सड़क की स्थिति, संभावित जाम बिंदु और वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता का आकलन किया गया। चर्चा के बाद सभी डायवर्सन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों और यातायात प्रभारी को पूरे मार्ग का निरीक्षण कर आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

हल्के वाहनों के लिए डायवर्सन प्लान

दुर्ग से रायपुर की ओर

  • दुर्ग से एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग, अभनपुर जाने वाले वाहन नेवई–उतई–सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
  • सुपेला, भिलाई, रिसाली, नेवई से रायपुर जाने वाले वाहन उतई–सेलूद–ढौर–औरी–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग से जाएंगे।
  • खुर्सीपार, चरोदा, भिलाई-3 से रायपुर जाने वाले वाहन सिरसा गेट–सिरसा खुर्द–औरी–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे।
  • नंदिनी, अहिरवारा, कुम्हारी से रायपुर जाने वाले हल्के वाहन कुम्हारी टोल के पास दाहिने पुल से खारून नदी ब्रिज होकर आवागमन करेंगे।

रायपुर से दुर्ग की ओर

  • भनपुरी, गुढ़ियारी, हीरापुर, टाटीबंध से दुर्ग जाने वाले हल्के वाहन चंदनीडीह से लेफ्ट होकर पुराने रपटा पुल के जरिए कुम्हारी टोल तक पहुंचेंगे।
  • रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहन रायपुरा–महादेवघाट–अमलेश्वर–मोतीपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।

भारी व मध्यम वाहनों के लिए डायवर्सन

दुर्ग से रायपुर की ओर

  • भारी वाहन कुम्हारी टोल के पास दाहिने पुल से खारून नदी ब्रिज पर सिंगल लाइन में आवागमन करेंगे।
  • राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को बाफना टोल प्लाजा (दुर्ग बाईपास) पर सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक रोका जाएगा।
  • भिलाई औद्योगिक क्षेत्र व ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहनों को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
  • नंदिनी, अहिरवारा, बेरला से रायपुर जाने वाले भारी वाहन मुरमुंदा–ओटेबंध–गुधेली–पठारीडीह होकर उरला (रिंग रोड-4) से जाएंगे।

रायपुर से दुर्ग की ओर

  • भारी वाहन कुम्हारी खारून नदी ब्रिज से सिंगल लाइन में चलेंगे।
  • महासमुंद से दुर्ग आने वाले भारी वाहनों को मंदिर हसौद के पास शाम 5 से रात 8 बजे तक रोका जाएगा।
  • उरला-सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र व बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड-4 के नंदनवन कटिंग के पास शाम 5 से रात 8 बजे तक रोका जाएगा।

प्रशासन और निर्माण एजेंसी को निर्देश

  • सभी डायवर्सन पॉइंट पर संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश फ्लेक्स लगाए जाएंगे।
  • मरम्मत अवधि में 24 घंटे वालेंटियर तैनात रहेंगे।
  • कुम्हारी ब्रिज, सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर में 24 घंटे क्रेन उपलब्ध रहेगी ताकि खराब वाहनों को तुरंत हटाया जा सके।
  • यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख पॉइंट पर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।
  • भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से ही चलना होगा, उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक कुम्हारी मार्ग का उपयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *