नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति में भ्रष्टाचार और अहंकार का जहर ऊपर से नीचे तक फैल चुका है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने देशभर में भाजपा की “डबल इंजन सरकारों” पर जनता की जिंदगी तबाह करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने लिखा कि भाजपा के सिस्टम में गरीब, असहाय, मजदूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ों तक सीमित कर दी गई है और “विकास” के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार भाजपा की कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने भाजपा शासित राज्यों की घटनाओं का हवाला देते हुए उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड और उत्तर प्रदेश के उन्नाव मामले का जिक्र किया। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि सत्ता का संरक्षण किस VIP को बचा रहा है और कानून सबके लिए बराबर कब होगा।
राहुल गांधी ने देश के विभिन्न हिस्सों में जहरीले और दूषित पानी की आपूर्ति, पर्यावरणीय नुकसान और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अरबपतियों का लालच पहुंचा, वहां नियमों को रौंद दिया गया—पहाड़ काटे गए, जंगल उजाड़े गए और बदले में जनता को धूल, प्रदूषण और आपदाएं मिलीं।
स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में लापरवाही, स्कूलों की गिरती छतें, पुलों का गिरना, सड़कों का धंसना और ट्रेन हादसे—ये सब “लापरवाही” नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की सीधी मार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर हादसे के बाद सरकार की प्रतिक्रिया फोटो-ऑप, ट्वीट और मुआवजे की औपचारिकता तक सीमित रह जाती है।
अंत में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “डबल इंजन” केवल अरबपतियों के लिए चल रहा है, जबकि आम भारतीय के लिए यह सरकार विकास नहीं, बल्कि तबाही की रफ्तार बन चुकी है, जो हर दिन किसी न किसी की जिंदगी कुचल रही है।