मुंबई : अनुपम खेर की निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मुंबई में आयोजित ‘आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स’ समारोह में इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिला। वहीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री को बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब दिया गया।
यह फिल्म अनुपम खेर के लिए बेहद खास मानी जा रही है। हिंदी सिनेमा में अपनी 550वीं फिल्म के पड़ाव पर पहुंचे अभिनेता के लिए ‘तन्वी द ग्रेट’ केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव की कहानी है। इसकी प्रेरणा उनके निजी जीवन से जुड़ी है। कहानी एक ऑटिज्म से जूझ रही बच्ची के साहस और आंतरिक शक्ति को दर्शाती है, जिसे बड़े पर्दे पर बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है।
अवॉर्ड मिलने के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि यह सम्मान केवल ट्रॉफी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है, जिन्होंने इस कहानी को साकार करने में योगदान दिया। उनके अनुसार असली जीत उस सफर की है, जिसमें रिहर्सल की मेहनत, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और टीम का एकजुट समर्पण शामिल रहा।
‘तन्वी द ग्रेट’ इससे पहले भी कई मंचों पर सराही जा चुकी है। अब ‘आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड’ से सम्मानित होने के बाद फिल्म की चर्चा और तेज हो गई है।
अनुपम खेर ने संकेत दिया है कि यह फिल्म उनकी रचनात्मक यात्रा की शुरुआत भर है। उन्होंने भरोसा जताया कि दर्शकों का प्यार आगे भी मिलता रहेगा और जल्द ही यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज की जाएगी। हालांकि डिजिटल रिलीज से जुड़ी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।