बलरामपुर-रामानुजगंज। आज दिनांक 06 फरवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभाकक्ष में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल शुक्ला द्वारा की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री स्मृति एक्का सहित समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, कंसल्टेंट, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, मेडिकल ऑफिसर, बीडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, नेक्स्ट जेन पोर्टल, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम तथा वित्तीय वर्ष अंतर्गत मदवार व्यय की विस्तार से समीक्षा की गई। एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा में पंजीकृत मरीजों के नियमित एवं प्रभावी फॉलो-अप को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर विकासखंड रामानुजगंज एवं राजपुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की प्रगति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) प्रबंधन में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर विकासखंड शंकरगढ़ को एचआरपी संबंधी कारण बताओ नोटिस, तथा एएनसी जांच की संख्या कम पाए जाने पर विकासखंड कुसमी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर होने वाली सभी प्रविष्टियां संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के आर.एच.ओ. (पुरुष/महिला) एवं सी.एच.ओ. द्वारा की जाएंगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत एचआरपी की पहचान, निगरानी व रेफरल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, पीसीपीएनडीटी अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन तथा बाल टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त क्षय रोग (टीबी), कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) उन्मूलन कार्यक्रम, मलेरिया एवं फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए टीबी एवं कुष्ठ रोग के लिए पृथक कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की स्थापना/संचालन की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नए केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकें।
विकासखंडवार समीक्षा के उपरांत संयुक्त संचालक ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल एवं शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को अद्यतन रखने, आवश्यक औषधियों, उपकरणों एवं मानव संसाधन की उपलब्धता तथा सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार पर जोर दिया गया।
अंत में निर्देश दिया गया कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, जिससे आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।