17 दिन बाद भी नहीं बदली सत्ता, डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशें नाकाम

नई दिल्ली: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की जंग को 17 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट नतीजा सामने नहीं आया है। इस बीच खबरें हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही ईरान पर जीत का दावा कर सकते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध का अंतिम परिणाम काफी हद तक ईरान के अगले कदम पर निर्भर करेगा।

द वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि ईरान संघर्ष जारी रखता है और जहाजों पर हमले नहीं रोकता, तो यह युद्ध जल्दी खत्म होता नहीं दिख रहा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान की नौसेना को भारी नुकसान पहुंचा है, उसकी कई मिसाइलें नष्ट हो चुकी हैं और कुछ शीर्ष सैन्य अधिकारियों के मारे जाने की भी खबर है।

इसके बावजूद ट्रंप का प्रमुख राजनीतिक लक्ष्य—ईरान में सत्ता परिवर्तन—अभी तक पूरा नहीं हो सका है। दूसरी ओर, ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है, जिससे वैश्विक तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान अब भी हालात को अपने पक्ष में मोड़ने की क्षमता रखता है।

अमेरिका में भी दिख रहा जंग का असर

इस युद्ध का असर अमेरिका के भीतर भी महसूस किया जा रहा है। हमलों के बाद पेट्रोल की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि किसानों के लिए उर्वरक महंगे हो गए हैं। साथ ही, अब तक 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत की खबर है।

यह स्थिति ट्रंप के लिए राजनीतिक चुनौती बनती जा रही है। उनकी अपनी पार्टी के कुछ नेता अब युद्ध समाप्त कर अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं। इसी साल अमेरिका में होने वाले मिडटर्म चुनावों के चलते यह मुद्दा और भी संवेदनशील बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *