रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेमरिया गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने घरेलू विवाद और कथित अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी और 22 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने पहले अपनी पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से वार किया और फिर बीच-बचाव या विरोध करने पर अपनी सौतेली बेटी चित्रा साहू (22 वर्ष) को भी मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों का पंचनामा किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी गुलाब साहू ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. आरोपी का दावा है कि उसकी पत्नी का किराएदार के साथ अफेयर था। किराएदार ने घर, गाड़ी और पैसे का लालच देकर उसकी पत्नी का ‘ब्रेनवॉश’ कर दिया था। आरोपी ने बताया कि किराएदार और उसकी पत्नी मिलकर उसे घर से निकालने की योजना बना रहे थे। मां और बेटी दोनों उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित (टॉर्चर) कर रही थीं, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गुलाब साहू पूर्व में पुलिस विभाग में सेवारत था। वह 2 साल पहले बिलासपुर में पदस्थ था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बर्खास्तगी के बाद वह मार्केटिंग के क्षेत्र में काम कर रहा था।
मृतक लता साहू ने करीब 4 साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी। मृतिका चित्रा, लता की पहली शादी से हुई बेटी थी। विधानसभा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।