दुर्ग. 23 जनवरी । राजधानी रायपुर को आज उसका पहला पुलिस कमिश्नर मिल गया। डॉ. संजीव शुक्ला ने गुरुवार को औपचारिक रूप से रायपुर पुलिस कमिश्नर के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सभी एसीपी और डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर का कार्यालय पुराना जिला पंचायत भवन में स्थापित किया गया है। पदभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ. शुक्ला ने मातहत अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की, जिसमें राजधानी की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जनता-केंद्रित पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शिता उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीमवर्क के साथ कार्य करते हुए राजधानी में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के साथ ही रायपुर पुलिस के कार्यप्रणाली में नई गति और प्रभावशीलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।