- 8.65 लाख की हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार
भिलाई । दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। खुर्शीपार थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 43.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8,65,800 रुपये आंकी गई है।
अमृतसर कनेक्शन का खुलासा
पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी विजय सिंह (26 वर्ष) मूल रूप से अमृतसर (पंजाब) का निवासी है। वह दुर्ग के खुर्शीपार इलाके में रहकर मादक पदार्थों की सप्लाई चेन का संचालन कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से पंजाब से छत्तीसगढ़ तक जुड़े नशा कारोबार के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है।
मिनी स्टेडियम के पास हुई घेराबंदी
29 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि मिनी स्टेडियम सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक हेरोइन की बिक्री करने की फिराक में हैं। तत्काल हरकत में आते हुए पुलिस टीम और साइबर सेल ने मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों को धर दबोचा।पकड़े गए आरोपी विजय सिंह (26 वर्ष): अमृतसर (पंजाब), हाल निवासी खुर्शीपार,मीर नौशाद अली (26 वर्ष) जवाहर नगर, वैशाली नगर, सुरेंद्र क्षत्रिय (23 वर्ष): मुंबई आवास, वैशाली नगर.पुलिस ने आरोपियों के पास से हेरोइन: 43.14 ग्राम (कीमत ₹8,65,800) नगदी: ₹3,640 और 5 नग मोबाइल फोन, कुल मशरूका बरामद की है:
थाना खुर्शीपार में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21(क) और 27(क) के तहत अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज किया गया है।न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में उप निरीक्षक देवलाल साहू, एएसआई तुलसीराम विझेकर, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमुक सिंहा, दिलीप हरदे और साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही।