दुर्ग। दुर्ग पुलिस की तत्परता और ‘डायल 112’ की सक्रियता से शनिवार को एक महिला की जान बच गई। आत्महत्या के इरादे से शिवनाथ नदी में छलांग लगाने वाली महिला को पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाला और काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 3 जनवरी को दुर्ग पुलिस कंट्रोल रूम (DPCR) को सूचना मिली कि एक अज्ञात महिला ने शिवनाथ नदी के पुल से नदी में छलांग लगा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दुर्ग थाना क्षेत्र की डायल 112 (चिता-2) की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नदी के गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। महिला की पहचान मोहन नगर थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय पूनम श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने पहुंची थी। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित किया। आवश्यक कार्रवाई और समझाइश के बाद उसे उसकी माँ और भाई के सुपुर्द कर दिया गया।