दुर्ग निगम का आदेश: गणतंत्र दिवस पर मीट-मटन की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

दुर्ग | 21 जनवरी। 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के गरिमामय अवसर पर दुर्ग नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत मीट-मटन की बिक्री और पशुवध पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। राज्य शासन के प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेशों के परिपालन में नगर निगम दुर्ग ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश प्रसारित कर दिए हैं।

दुकानें खुली मिलीं तो होगी सख्त कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग, बाजार विभाग और सभी जोनों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गणतंत्र दिवस पर पशुवध गृहों और मीट-मटन की दुकानों को अनिवार्य रूप से बंद रखा जाए। यदि किसी भी क्षेत्र में मीट-मटन की बिक्री पाई जाती है, तो निगम प्रशासन द्वारा न केवल सामग्री जब्त की जाएगी, बल्कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

निगरानी के लिए टीमें तैनात

आयुक्त ने सभी जोन के सफाई दरोगाओं, सुपरवाइजरों और स्वास्थ्य विभाग के अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि शासन के आदेशों का जमीन पर व्यावहारिक रूप से पालन हो।

यह प्रतिबंध राष्ट्रीय पर्व की पवित्रता और राजकीय नियमों के तहत लागू किया गया है। निगम प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से इस आदेश का पालन करने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *