दुर्ग पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया अमर सिंह हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार,खेत की मेड़ पर रंजिश का खूनी अंत

दुर्ग/रानीतरई। खेत में पानी डालने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने रंजिश का ऐसा रूप लिया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। थाना रानीतरई अंतर्गत ग्राम केंवरा में हुई ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

खेत में लहूलुहान मिली थी लाश

जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी को ग्राम केंवरा के एक खेत में ग्रामीण अमर सिंह साहू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही रानीतरई पुलिस और एसआईयू (SIU) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पानी डालने के विवाद ने ली जान

जांच और तकनीकी विश्लेषण में पुलिस को पता चला कि खेत में पानी डालने की बात को लेकर अमर सिंह का गांव के ही मोहन लाल सिन्हा (48 वर्ष) के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अमर सिंह पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

12 घंटे में सलाखों के पीछे कातिल

एसपी दुर्ग के निर्देशन में बनी विशेष टीम ने संदेही मोहन लाल सिन्हा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। शुरुआत में गुमराह करने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 BNS (अपराध क्र. 21/2026) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल को सुलझाने में एसआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद हरिश, रानीतरई थाना प्रभारी कमल सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राठौर, एएसआई श्याम सिंह और प्रधान आरक्षक तिलक साहू सहित पूरी टीम की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *