भिलाई/जामुल | दुर्ग पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। रविवार को जामुल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्यवाही करते हुए तिरंगा चौक, छावनी के पास घेराबंदी कर दो गांजा तस्करों को रंगे हाथों दबोचा। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ किलो गांजा और नगद राशि बरामद की गई है।
पुलिस को देख भागने की कोशिश, घेराबंदी कर पकड़ाए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 01 फरवरी को जामुल पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि छावनी बस्ती क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने तिरंगा चौक पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कल्याण वर्मा (35 वर्ष) निवासी छावनी बस्ती और लोकेश उईके (19 वर्ष) निवासी आदिवासी नगर, छावनी के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से 01 किलो 530 ग्राम गांजा, बिक्री की नगद राशि और मोबाइल फोन बरामद किया गया। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई जा रही है।
भेजे गए जेल, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जामुल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में जामुल थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक सौमित्री भोई, सहायक उप निरीक्षक महफूज खान सहित आरक्षक तोषण चन्द्राकर, चंदन सिंह, संतोष और अतुल यादव का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से खुद को और अपने परिवार को दूर रखें। यदि कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।