नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म ‘1XBET’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई नामचीन हस्तियों की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। कार्रवाई के तहत क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद और अभिनेत्री नेहा शर्मा सहित अन्य लोगों की संपत्तियों पर ताला लगा दिया गया है।
ईडी का कहना है कि यह कार्रवाई कथित रूप से अवैध सट्टेबाजी ऐप का प्रचार करने और विदेशी संस्थाओं के साथ संदिग्ध लेन-देन करने के कारण की गई है। एजेंसी ने जब्ती से पहले संबंधित सितारों से कई दौर की पूछताछ भी की थी। कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।
पहले भी कई बड़े नाम हो चुके हैं निशाने पर
इससे पहले ईडी ने इसी मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना के खिलाफ कार्रवाई की थी। धवन का दिल्ली में 4.5 करोड़ रुपये का प्लॉट और रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड कुर्क किए गए थे। एजेंसी का अनुमान है कि इस पूरे मामले में कुल मनी लॉन्ड्रिंग की राशि लगभग 1000 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
अभिनेत्री नेहा शर्मा से भी जांच के दौरान प्लेटफॉर्म से उनके जुड़ाव और विज्ञापनों पर सवाल किए गए।
विदेशी प्लेटफॉर्म और अवैध कमाई का आरोप
जांच में पता चला है कि ‘1XBET’, कुराकाओ में पंजीकृत, भारत में बिना वैध लाइसेंस के काम कर रहा था। यह ऐप सोशल मीडिया और डिजिटल विज्ञापनों के जरिए भारतीय यूज़र्स को टार्गेट कर रहा था। ईडी का कहना है कि क्रिकेटरों और अभिनेताओं ने स्थिति को जानते हुए भी विदेशी संस्थाओं के साथ समझौते किए और अवैध कमाई के स्रोत को छुपाने के लिए भुगतान स्वीकार किया। बदले में उन्होंने इस प्लेटफॉर्म का प्रचार किया।
लिस्ट लंबी, कार्रवाई जारी
युवराज, उथप्पा और सोनू सूद के अलावा, ‘1XBET’ के भारतीय ब्रांड एंबेसडर रह चुकीं उर्वशी रौतेला, तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की जा चुकी है।
केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में रियल मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए कड़े कानून लाए गए हैं। ऐसे में किसी भी सेलिब्रिटी द्वारा अवैध सट्टेबाजी ऐप का प्रचार करना अब उनके लिए गंभीर कानूनी जोखिम बन गया है। ईडी की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि इस मामले में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।