गढ़चिरोली। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरोली जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ से सटे सीमावर्ती जंगलों में हुई, जहां नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सी-60 यूनिट के एक बहादुर कमांडो ने शहादत दी, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि फोदेवाडा गांव के आसपास के जंगलों में माओवादी संगठन की ‘कंपनी नंबर-10’ से जुड़े कुछ सदस्य और छत्तीसगढ़ से आया एक दलम छिपा हुआ है। इस इनपुट के बाद भामरागढ़ के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में सी-60 के जवानों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घना जंगल और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था।
तलाशी के दौरान देर रात नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। सी-60 कमांडो ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। काफी देर तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों का पलड़ा भारी रहा और तीन माओवादी मौके पर ही ढेर हो गए। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, हालांकि उनकी पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।
इस मुठभेड़ में सी-60 यूनिट का एक जवान वीरगति को प्राप्त हो गया, जबकि एक अन्य कमांडो गोली लगने से घायल हुआ है। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है और बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि कुछ नक्सली अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो सकते हैं। फिलहाल हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऑपरेशन जारी है।